छापा डालते सिटी मजिस्ट्रेट व अन्य अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
उरई। बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट नत्थू प्रसाद पांडे व खाद्य विभाग की डीओ डा0 प्रियंका सिंह के नेतृत्व में शहर में कई जगह छापेमारी की गई। इस दौरान टीम ने गणेश व मोहित गुटखा फैक्ट्री में छापा डाला। मौके से टीम ने गणेश, मोहित व बादशाह ब्रांड के नमूने भरे व कई बोरे गुटखा व सुपाड़ी सीज की।
जिले में मिलावटी गुटखे की सूचना पर जिलाधिकारी नरेंद्र शंकर पांडे ने सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में खाद्य विभाग व पुलिस की संयुक्त टीम का गठन कर जिले में गुटखा माफियाओं पर अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद जिले में लगातार प्रशासन व खाद्य विभाग की टीम संयुक्त रूप से छापेमारी कर रही है। बुधवार को टीम ने बस स्टैंड स्थित गणेश गुटखा फैक्ट्री में छापा मारा। टीम ने गणेश ब्रंाड का नमूना लिया और मौके पर रखा तीन बोरी गुटखे को सीज किया। इसके बाद टीम ने इंद्रानगर स्थित मोहित गुटखा फैक्ट्री में मोहित व बादशाह ब्रांड का नमूना लिया और मौके पर रखी करीब दस बोरा सुपाड़ी व गुटखे को सीज कर दिया। विभाग की इस कार्रवाई से मिलावट खोरों में हड़कंप मचा हुआ है। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी देनेश कुमार, राहुल शर्मा, अनिल प्रताप सिंह, कोतवाली पुलिस के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।