कोंच । कोंच से पशु तस्करी का खेल रोके नहीं रुक रहा है। कोतवाली पुलिस ने मवेशियों से लदा एक ट्रक पकड़ा है। जिसमें 18 मवेशी लदे थे। इसी के साथ पुलिस ने चार लोगों को भी हिरासत में लेकर पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।ट्रक को सीज कर दिया गया है। पिछले एक सप्ताह में पशु तस्करी की यह तीसरी बड़ी घटना है।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार की देर रात पशुओं से भरा ट्रक कैलिया रोड से जा रहा था। दरोगा राजीव कुमार त्रिपाठी ने उसी वक्त सटीक सूचना मिलने पर ट्रक को पकड़ने का प्रयास किया तो चालक ने उसे झाड़ी में छिपाकर खड़ा कर दिया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने ट्रक को बरामद किया। ट्रक में 18 मवेशी लदे थे। पुलिस ने ट्रक को छोड़कर भागने का प्रयास कर रहे चार आरोपियों को भी पकड़ा है।ं जिनके नाम साहबे आलम पुत्र मुख्तार, महेश पुत्र पातीराम निवासीगण अफसरिया थाना सट्टी कानपुर देहात, इरफान पुत्र जाफर, सद्दाम पुत्र गुलाम नबी निवासीगण आराजी लेन कोंच हैं। कोतवाल सत्यदेव सिंंह ने बताया कि पशु तस्करों के पूरे गैंग का पता किया जा रहा है। इसके अलावा यह भी पता किया जा रहा है कि मवेशी किसके हैं, और कहां से चोरी किए गए हैं। रामलला निवासी ग्राम जुझारपुरा ने बताया कि कल उसकी तीन भैंसें चरने गई थीं लेकिन लौट कर नहीं आईं। इसी प्रकार जुझारपुरा के ही रहने वाले अशोक कुमार की भी एक भैंस लापता है।