पति से मामूली विवाद के बाद आक्रोशित होकर एक महिला ने अपनी मासूम बेटी समेत अपने ऊपर केरोसिन डाल कर आग लगा ली। परिजनों ने किसी तरह मां, बेटी पर कंबल डालकर बचाया और उन्हें जिला अस्पताल लाए। यहां दोनों की उपचार के दौरान मौत हो गई। जालौन कोतवाली क्षेत्र के प्रतापपुरा गांव निवासी राघवेंद्र विश्वकर्मा की पत्नी मीरा (28) का पति से
बुधवार की शाम करीब 6 बजे झगड़ा हो गया। बात इतनी बढ़ी कि मीरा दो साल की बेटी मानसी को अपने कमरे में ले गई। वहां रखी केरोसिन अपने व बेटी के ऊपर छिड़क कर आग लगा ली। इससे मां, बेटी आग का गोला बन गए। चीख पुकार सुनकर परिजनों ने दरवाजा तोड़कर दोनों को बचाया और जिला अस्पताल लाए, जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो
गई। सूचना पाकर कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस हृदय विदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनो में कोहराम मचा हुआ है। खबर लिखे जाने तक मायके वाले नहीं आए थे। कोतवाली पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।