पुलिस लाइन में खुलासा करते एसपी।
- फोटो : amar ujala
एसपी अमरेंद्र सिंह ने अपने कार्यालय पर मामले का खुलासा करते हुए बताया कि संदी गांव में हुए दोहरे हत्याकांड में प्रयुक्त हुए तमंचों के बारे में जब हत्यारोपियों से पूछा गया तो मुख्य आरोपी अल्ला रक्खू ने एक अवैध असलहा फैक्ट्री के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर शहर के मोहल्ला उमरारखेड़ा में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस अल्ला रक्खू को अपने साथ ले गई थी। पुलिस जैसे ही मोहल्ला उमरारखेड़ा पहुंची तो वहां हड़कंप मच गया। पुलिस ने मोहल्ले के एक मकान में छापेमारी की।
वहां मौजूद युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। उसे भागता देखकर पुलिस ने घेरकर पकड़ लिया। इसके बाद जब मकान की तलाशी ली गई तो कुछ बने और कुछ अधबने असलहों के अलावा भारी मात्रा में सामग्री बरामद हुई। पकड़े गए युवक ने अपना नाम अशोक अहिरवार पुत्र मंटोले निवासी मोहल्ला उमरारखेड़ा उरई बताया। एसपी ने बताया कि आरोपी अशोक अहिरवार काफी समय से अपने मकान में ही यह अवैध फैक्ट्री संचालित कर रहा था।
इसके अलावा इसके कुछ साथी भी है, जिनके बारे में पूछताछ कर जानकारी ली जाएगी और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस ने कार्रवाई कर आरोपी को जेल भेज दिया। वहीं अवैध असलहा फैक्ट्री पकड़ने में स्वाट टीम प्रभारी ब्रजनेश कुमार यादव, सर्विलांस प्रभारी मतीन खां, आटा थानाध्यक्ष आनंद कुमार, एसआई दिनेश कुमार यादव, संदीप कुमार दीक्षित समेत स्वाट व सर्विलांस टीम के सिपाही शामिल रहे।