उरई (जालौन)। शादी समारोह में आया एक युवक अपने को आईपीएस अधिकारी बताकर पुलिस से अपने साथियाें को छुड़ाने कोतवाली पहुंच गया। पुलिस को शक होने पर पुलिस ने उसे हवालात में बंद कर दिया। बाद में कुछ सपा नेता उसकी पैरोकारी में पहुंचे तो पुलिस ने उसे पुलिस एक्ट में ही चालान कर जमानत दे दी। इस बात की दिन भर चर्चा रही।
बुधवार की रात एट निवासी एक परिवार के यहां बेटी की शादी थी। उसमें लखनऊ से कुछ लोग शामिल होने आए थे। तभी कुछ लोगाें ने वहां शराब पीकर हंगामा काटना शुरू कर दिया। इसकी जानकारी होने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दो आरोपियाें को पकड़कर कोतवाली लाई। इसकी जानकारी होने पर बारात मेें आया एक युवक कोतवाली पहुंचा और अपने को आईपीएस आफीसर बताकर पुलिस पर रौंब झाड़ने लगा। इस पर पुलिस ने जब उससे पूछताछ की तो वह टूट गया। उसने बताया कि उसका नाम वरुण यादव है और उसके रिश्तेदार आईपीएस आफीसर है। पुलिस ने उसकी नीली बत्ती लगी गाड़ी सीजकर दी और आरोपी के खिलाफ पुलिस एक्ट में कार्रवाई की है। रात में कई सपा नेता आरोपी को छुड़ाने के लिए खड़े रहे। पुलिस ने देर रात उसे छोड़ दिया। इस मामले की चर्चा दिन भर बाजार में होती रहीं।