लहारियापुरवा के शराब ठेके को फूंकने की घटना का खुलासा भी नहीं हो पाया था कि एक और ठेके में आग लगा दी गई। इससे ठेके के भीतर सो रहा सेल्समैन झुलस गया। उसने किसी तरह अपनी जान बचाई। ठेके के अनुज्ञापी ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।
शहर कोतवाली के काेंच बस स्टैंड पर देशी शराब का ठेका है। मंगलवार की रात करीब 11 बजे सेल्समैन राजेश कुमार निवासी उन्नाव ठेका बंद कर उसी के अंदर सो गया। देर रात करीब दो बजे अज्ञात लोगों ने ठेके में केरोसिन डालकर आग लगा दी। इससे अंदर सो रहे सेल्समैन का हाथ जल गया। उसने ठेके के बाहर आकर जान बचाई।
आग से करीब एक लाख रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। ठेके के अनुज्ञापी अमन जायसवाल ने मामले की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी। इस पर कोतवाल संजय गुप्ता मौके पर पहुंचे और मामले में कार्रवाई का भरोसा दिया है।
खास बात यह है कि आठ दिनाें में दो देसी शराब के ठेके फूंक दिए हैं, लेकिन अभी तक आग लगाने वालों का सुराग नहीं लगा पाई है। चर्चा है कि शराब ठेके का विरोध करने वालाें का ही ठेका फूंकने में हाथ हो सकता है। पुलिस संदिग्धों की तलाश कर रही है।