कदौरा। उधार दिए रुपये मांगने पर दो युवक भिड़ गए। इसमें एक दुकानदार ने युवक पर दुकान में तोड़फोड़ कर सामान फेंकने का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दी है। जबकि आरोपी युवक ने भी दुकानदार पर नानी के साथ लूट करने का आरोप लगाकर थाने में शिकायती पत्र दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कस्बे के मोहल्ला आंबेडकर नगर निवासी हरिसिंह पुत्र प्यारेलाल ने पुलिस को तहरीर दी कि वह गुरुवार को अपनी दुकान पर बैठा था तभी मुहल्ला इस्लामाबाद निवासी दीपू आया और उधार सामान मांगने लगा, जब उसने पुरानी उधारी देने के बाद सामान देने की बात कही तो उसने गालीगलौज करते हुए मारपीट की। आरोप लगाया कि युवक ने दुकान पर तोड़फोड़ करते हुए सामान सड़क पर फेंक जान से मारने की धमकी दी।
इस पर उसने यूपी 100 को सूचना दी लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह भाग गया। वहीं आरोपी दीपू ने भी पुलिस को शिकायती पत्र देते हुए दुकानदार पर आरोप लगाया कि उसकी नानी मोहल्ले से गुजर रही थी तभी हरिसिंह ने उसका रास्ता रोक लिया और जंजीर-अंगूठी एवं छह हजार रुपये लूट लिए। इस बाबत प्रभारी निरीक्षक कामता प्रसाद का कहना है कि उधार के पैसे लेनदेन को लेकर मारपीट हुई है। फिलहाल दोनों पक्ष से तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।