उरई। जिले में तीन अलग-अलग मामलों में धोखाधड़ी कर 6.52 लाख हड़प लिए गए। पीड़ितों ने शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराकर रुपये वापस दिलाने की मांग की है। दोनों ही मामलों में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। साथ ही पुलिस ने मामले में जांच-पड़ताल भी शुरू कर दी है।
-----------------------
केस-1
--------
अधिक ब्याज का लालच देकर 5.35 लाख हड़पे
उरई। निजी चिटफंड कंपनी के संचालकों ने ब्याज का लालच देकर सेवानिवृत्त एसआई के परिजनों की आरडी व एफडी तोड़करा उनका धन हड़प लिया। इसके बाद समय पूरा होने के बाद कंपनी बंद कर संचालक भाग गया। पीड़ित ने अधिकारियों से शिकायत की। पुलिस ने संचालक के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के कोंच रोड स्थित मोहल्ला पटेल नगर निवासी सेवानिवृत्त एसआई लखनलाल ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि वर्ष 2016 में चिटफंड कंपनी में सुमित्रा देवी, संगीता और चंदा देवी के नाम से 60-60 हजार रुपये की तीन आरडी खुलवाई थी। जबकि एक के नाम से एफडी करवाई थी। समय पूरा होने के बाद जब उसने अपनी आरडी, एफडी का पैसा कंपनी के संचालक से मांगा। तो वह टरकाने लगा। लगभग एक वर्ष बीतने के बाद भी उसने रुपये नहीं दिए। इसके बाद उसने संचालक के घर कई बार जाकर जानकारी की। पर वह नहीं मिला। संचालक ने उसका 5.35 लाख रुपये हड़प लिया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर कंपनी संचालक शत्रुघ्न सिंह निवासी लहारियापुरवा उरई के खिालफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। (संवाद)
------------------
केस-2
-------
अधिशासी अभियंता से 27 हजार ठगे
उरई। लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड तृतीय के अधिशासी अभियंता वीके राय ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि 27 दिसंबर 2021 को उनके मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति ने फोन किया। कहा कि मंत्री जी के कैंप से बोल रहा हूं। उनके किसी रिश्तेदार की सागर मध्यप्रदेश में सड़क दुर्घटना हो गई है। इलाज के लिए रुपयों की जरूरत है। इसके बाद उक्त युवक ने व्हाट्सअप पर अपना एकाउंट नंबर डाला। जिस पर उन्होंने अपने परिचित सत्यम एसोसिएट से कहकर नेट बैकिंग के माध्यम से 22 हजार रुपये भेेज दिए। इसके बाद दोबारा उसने पांच हजार रुपये भेजने की मांग की। जिस पर उन्होंने अपने बैंक खाते से रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में उन्हें अपने साथ हुई धोखाधड़ी की जानकारी हुई। जिस पर उन्होंने कोतवाली पहुंचकर अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज करा दी है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है। (संवाद)
-----
केस-3
बैंक खाते से 90 हजार रुपये निकाले
उरई। शहर कोतवाली क्षेत्र के चुर्खी बाइपास बघौरा निवासी भानु प्रताप सिंह ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि बघौरा स्थित एसबीआइ बैंक शाखा में उसका खाता है। पांच नवंबर 2021 से उसके खाते से विभिन्न सीएसपी सेंटरों से पैसे निकाले जा रहे है। जबकि उसे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। जब उसके मोबाइल पर रुपये कटने का मैसेज आया। तब उसे इसकी जानकारी हुई। उसने पुलिस को बताया कि अब तक उसके 90 हजार रुपये निकाल लिए गए है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ डीआईटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। (संवाद)