कोतवाली में बच्चियों के साथ रोती बिलखती पत्नी नगीना।
- फोटो : ORAI
कालपी (जालौन)। नगर के मोहल्ला रामचबूतरा में गुरुवार देर रात घर में घुसकर ट्रैक्टर मिस्त्री की हत्या कर दी गई। उस पर चाकुओं और पत्थर से वार किए गए। पुलिस को मौके से खून से सना चाकू मिला है। पत्नी ने भाइयों से जमीन विवाद में हत्या की आशंका जताकर दो-तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। मृतक के दो भाइयों को हिरासत में लिया गया है।
निबाड़ी गांव का मूल निवासी ट्रैक्टर मिस्त्री (मैकेनिक) बाबू खां पुत्र कल्लू खां की कालपी के रामचबूतरा मोहल्ले में ससुराल थी। वह करीब 10 वर्ष से पत्नी नगीना और तीन बेटियों के साथ ससुराल में रह रहा था। गुरुवार रात वह परिवार के साथ घर पर सोया था। रात लगभग 12 बजे कुछ लोगों ने चाकुओं से बाबू पर हमला कर दिया। सिर पर पत्थर से वार भी किया। घर की महिलाओं ने शोर मचाया लेकिन तब तक हमलावर भाग निकले।
पड़ोसियों की मदद से परिजन बाबू को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पत्नी नगीना और सास नसीमा ने पुलिस को बताया कि बाबू का उसके भाइयों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद में हत्या की आशंका जताई। पत्नी ने 2-3 अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। कोतवाल शिव गोपाल ने बताया कि कोतवाल ने बताया कि मौके से खून से सना चाकू मिला है। चाकू की फोरेंसिक जांच कर फिंगर प्रिंट का मिलान कराया जाएगा। बाबू के मोबाइल की काल डिटेल भी खंगाली जाएगी। इसमें ये पता किया जाएगा कि उसने गुरुवार रात किससे और कितनी देर तक बातचीत की। पत्नी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। परिजन जमीन विवाद में हत्या की आशंका जता रहे हैं, किंतु अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है। पूछताछ के लिए गांव निवासी दो भाइयों को हिरासत में लिया गया है।
बेटी बोली, काली शर्ट पहने था हमलावर
मृतक बाबू की बड़ी जोया (12) ने बताया कि अब्बू को मारने वाला काली शर्ट पहने था। भागते समय जोया ने उसे देखा था। जोया की नानी ने काली शर्ट वाले आदमी के साथ बाबू के तीनों भाइयों पर भी हमले का आरोप लगाया है। पुलिस काली शर्ट वाले की जानकारी कर रही है।
18 बीघा जमीन के लिए भाइयों में है विवाद
सास नसीमा ने बताया कि बाबू पांच भाई थे। तीन भाई निबाड़ी गांव और एक रामचबूतरा मोहल्ले में बाबू की ससुराल के पास ही रहता है। पिता कल्लू खां के नाम 18 बीघा जमीन थी। उनकी पांच माह पहले मौत हो गई थी। पिता ने जमीन की वसीयत गांव में रहने वाले तीनों बेटों के नाम कर दी थी। इससे भाइयों में जमीन को लेकर विवाद शुरू हो गया। बाबू की भी एक दो बार कहासुनी हुई थी। बाबू हमीरपुर के कुरारा में ट्रैक्टर मरम्मत का काम करता था। पुलिस वहां भी बाबू की रंजिश की जानकारी कर रही है। एक विवाद कालपी निवासी महिला को लेकर भी बताया जा रहा है।