गांव उकासा में आग से जलकर खाक हुआ टेंट का सामान।
- फोटो : ORAI
आटा। थाना क्षेत्र के ग्राम उकासा में एक टेंट हाउस में रविवार की दोपहर में अचानक आग लग गई। लपटें देख वहां मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने एकत्रित होकर आग पर किसी तरह काबू पाया। पर तब तक टेंट का सामान जल चुका था।
थाना क्षेत्र के ग्राम उकासा निवासी लक्ष्मण यादव ने बताया कि रविवार को परिवार में एक त्रयोदशी का कार्यक्रम था। उसी को लेकर टेंट का सामान निकालकर लगाने लगे। इसी बीच आग की लपटें उठने लगीं। आग की चपेट में कुर्सियां समेत टेंट हाउस का अन्य सामान आ गया। लपटें देख ग्रामीणों ने एकत्रित होकर पास में पानी से भरे टैंकर से बाल्टियों से पानी डालकर आग पर काबू पाया। पर तब तक टेंट हाउस में रखी 100 कुर्सियां, 2 भगौने, 10 प्लेट, 20 बाल्टी, छह पराथ और बिजली का सामान जल चुका था। लक्ष्मण के अनुसार उसका करीब सवा लाख का सामान जल गया है। उसने जिला प्रशासन से मुआवजे की भी मांग की है।
परिजनों ने बताया कि आग किन कारणों से लगी इसकी जानकारी नहीं है। पर हमारी रोजी-रोटी का साधन जल गया। इससे परिवार का भरण पोषण मुश्किल होगा। जानकारी पर राजस्व विभाग से लेखपाल अमित कुमार भी पहुंच गए और उन्होंने जांच पड़ताल कर पीड़ित को मुआवजा दिलाने का भरोसा दिलाया।