उरई। जिला क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से पुलिस लाइन में क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए दस दिवसीय शिविर आयोजित जाएगा। इसके अलावा पांच दिवसीय क्रिकेट कोच वर्कशॉप भी होगी। प्रशिक्षण वर्कशॉप में कोच के लिए भारतीय टीम के खिलाड़ी कुलदीप यादव के कोच कपिल पांडेय सहित अन्य प्रशिक्षक देंगे।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन जालौन के सचिव विकास कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण पुलिस लाइन में पांच अगस्त से शुरू होगा। यह प्रशिक्षण इंडियन टीम के खिलाड़ी कुलदीप यादव के कोच कपिल पांडेय व पूर्व रणजी खिलाड़ी विजेंद्र सिंह द्वारा दिया जाएगा। सुबह सात बजे से 10 तक कोच के लिए प्रशिक्षण होंगे। जबकि शाम चार से सात बजे तक खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिसमें खिलाड़ियों को बेसिक की जानकारी दी जाएगी। साथ ही क्रिकेट में सबसे महत्वपूर्ण फिटनेस को लेकर टिप्स दिए जाएंगे। छोटी-छोटी स्प्रिंट लाइन को बच्चों को बताई जाएगी, जिस कारण अक्सर खिलाड़ी ट्रायल और मैच में गलतियां करते है। उम्र के अनुसार एक्सरसाइज व प्रैक्टिस कराई जाएगी। शाम को बच्चों को नेट पर प्रेक्टिकल कराया जाएगा। वहीं पांच दिवसीय क्रिकेट कोच प्रशिक्षण वर्कशॉप का भी आयोजन उन क्रिकेट कोच के लिए होगा, जो बच्चों को क्रिकेट का प्रशिक्षण देते है। कपिल पांडेय, विजेंद्र सिंह, केके उपाध्याय कोच को प्रशिक्षण देंगे।