महेंद्र सिंह धोनी से भेंट करते टीम के सदस्य मोहम्मद मुस्तकीम।
- फोटो : ORAI
जालौन। ऑल इंडिया पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रदेश से चुनी गई टीम में अशोक गहोई एंड संस की टीम को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। विजेता टीम को भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से मिलने का मौका प्राप्त हुआ। टीम के सदस्य ने उन्हें पेंटिंग भेंट की।
आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर मार्च में कानपुर में इंडिगो द्वारा ग्रीन एनर्जी विषय पर ऑल इंडिया पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। हाल ही में प्रतियोगिता का परिणाम जारी हुआ। देश से 20 प्रतियोगियों के पेंटिंग का चयन किया गया। इसमें प्रदेश से भाग लेने वाली 10 टीमों में जालौन की अशोक गहोई एंड संस की टीम की पेंटिंग को पहले नंबर पर चयन हुआ। टीम के सदस्यों में सागर गुप्ता, मोहम्मद मुस्तकीम, विशाल कुशवाहा, मौसम खान, सोनू परिहार, रोहित गुप्ता, राकेश पेंटर आदि शामिल रहे। परिणाम जारी होने के बाद टीम के सदस्य मोहम्मद मुस्तकीम को मुंबई में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से मिलने का मौका मिला। मोहम्मद मुस्तकीम ने महेंद्र सिंह धोनी से मुलाकात कर उन्हें पत्नी और पुत्री की पेंटिंग भेंट की। धोनी ने टीम के सदस्यों को उनकी भागीदारी को लेकर प्रशंसा की।