उरई। कोरोना संक्रमण में फिर तेजी आई। गुरुवार को कोरोना के 99 मामले मिले है। इसके साथ ही कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 13,358 हो गई है। इसमें 12,647 ठीक हो चुके है। 204 की मौत हुई है। फिलहाल 507 सक्रिय मामले है। जबकि 1541 सैंपल आरटीपीसीआर जांच के लिए भेजे गए हैं।
सीएमओ डॉ. एनडी शर्मा ने बताया कि तीसरी लहर में अब तक 1784 मामले आए है। इसमें तीन की मौत हुई है। वर्तमान में 464 रोगी होम आइसोलेशन में है। 12 मरीज राजकीय मेडिकल कालेज के एल 2 हास्पिटल में भर्ती है। इसके अलावा दो मरीज लखनऊ और एक मरीज झांसी में भर्ती है।
गुरुवार को उरई शहरी क्षेत्र में 32, महेबा ब्लाक क्षेत्र में 17, माधौगढ़ के ऊमरी में चार, रामपुरा के किशनपुरा व कंजौसा में एक एक, नदीगांव ब्लाक के परासनी, ब्यौना, गिदवासा, खजूरी और रेंढऱ में एक एक मरीज मिला है। छिरिया क्षेत्र में 11 मरीज समेत कुल 99 मरीज आए है। इनमें 88 मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा गया है और दो मरीजों को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया।
। सेंट्रल बैंक में 3 कर्मचरियों के कोरोना पॉजीटिव निकलने के बाद गुरुवार से बैंक में कामकाज बंद कर दिया गया है। जिससे बैंक आने वाले ग्राहकों को परेशान होना पड़ा।
नगर में स्थित सेंट्रल बैंक में कर्मचारियों की बुधवार को कोरोना जांच की गई थी। जिसमें शाखा प्रबंधक समेत तीन कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। बुधवार को बैंक में काम हुआ। पर गुरुवार की सुबह जब बैंक के ग्राहक अपने कार्यों के लिए बैंक पहुंचे तो बैंक के बाहर कर्मचारियों के कोरोना पॉजिटिव होने के चलते कामकाज बंद होने की तख्ती लटकी मिली। सेंट्रल बैंक में पहले से ही स्टॉफ की कमी थी। बैंक में वर्तमान में शाखा प्रबंधक समेत मात्र पांच कर्मचारी ही कार्यरत हैं। जिनमें से तीन कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं। ऐसे में बैंक में कामकाज के लिए मात्र दो ही कर्मचारी रह गए थे। बैंक के खुलने के संदर्भ में जब शाखा प्रबंधक से बात करनी चाही तो उनका मोबाइल स्विच ऑफ मिला।