जालौन। बंगरा मार्ग पर सोमवार को सालाबाद मोड़ स्थित दुर्गा मंदिर के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। बाइक चालक हेलमेट लगाए थे।
जानकारी के अनुसार सोमवार को आटा थाना क्षेत्र के ग्राम दशहरी निवासी धीरेंद्र सिंह (28) और आशीष कुमार (25) बाइक से बंगरा की ओर से जालौन आ रहे थे।
इसी दौरान जालौन की ओर से बंगरा जा रही दूसरी बाइक से उनकी सालाबाद मोड़ पर आमने-सामने टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर मध्य प्रदेश के भिंड जिले के लहार थाना क्षेत्र के ग्राम करीला निवासी शिव सिंह (38), उनकी बेटी आकांक्षा (16) और मलखान (72) सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों पर सवार सभी पांच लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही छिरिया मलकपुरा चौकी प्रभारी आलोक पाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालौन पहुंचाया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस दौरान एसआई सुरेश यादव, अंशुल शर्मा, राहुल ठाकुर, सौरभ शाक्य, जितेंद्र और अनिल यादव ने भी सहयोग किया।