तिंदवारी। एलआईसी से एक लाख 10 हजार रुपये मिलने का झांसा देकर ठग ने युवती से सात बार में एक लाख 52 हजार रुपये अपने खाते में स्थानांतरित करा लिए। युवती ने तिंदवारी थाने में ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना क्षेत्र के जौहरपुर गांव निवासी प्रीति सिंह ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उसका बैंक खाता एक्सिस बैंक में है। उसके पास अज्ञात नंबर से कॉल आई, जिसमें कॉल करने वाले ने बताया कि उसे एलआईसी से एक लाख 10 हजार रुपये मिलने वाले हैं। इसके लिए उसके खाते में 20 हजार रुपये ट्रांसफर कर दो।
झांसे में आकर प्रीति ने अपने खाते से 20 हजार रुपये आरोपी के खाते में ट्रांसफर कर दिए। इस तरह आरोपी ने प्रीति के खाते से सात बार में एक लाख 52 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। थानाध्यक्ष राधा कृष्ण तिवारी ने कहा कि साइबर एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि मोबाइल पर फोन करने वाले किसी भी अंजान व्यक्ति को अपने बैंक से संबंधित जानकारी न दें।