मुहम्मदाबाद (जालौन)। तेरहवीं में शामिल होकर उरई लौट रहे बाइक सवार युवकों को कार ने टक्कर मार दी। इससे एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को मेडिकल काॅलेज पहुंचाया। जहां गंभीर हालत होने पर डॉक्टर ने उसे झांसी मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया। चालक हेलमेट लगाए था।
औरैया जिले के मोहल्ला बनारसी दास निवासी संजीव कुमार (27) अपने दोस्त सुरेंद्र कुमार (32) के साथ शनिवार शाम डकोर कोतवाली क्षेत्र के चिल्ली गांव में तेरहवीं संस्कार में शामिल होने बाइक से आए थे। त्रियोदशी में शामिल होने के बाद जैसे ही उनकी बाइक अजनारी के पास पड़ने वाली क्षतिग्रस्त पुलिया के पास पहुंची तो कार ने पीछे से उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक चालक संजीव कुमार की मौके पर मौत हो गई, जबकि सुरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
संजीव की मौत की सूचना मिलते ही परिजन उरई आ गए। उन्होंने बताया कि संजीव सामाजिक कार्यों में लगा रहता था। शनिवार को तेरहवीं संस्कार में शामिल होने व जिला अस्पताल में भर्ती बीमार मामा जगराम को देखने के लिए उरई आया था। उसके एक बेटी है। उसकी मौत से पत्नी महिमा सहित अन्य परिजनों का रोकर बुरा हाल है। कोतवाल वीरेंद्र पटेल का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कार को कब्जे में लेकर चालक से पूछताछ की जा रही है।
दोस्त की मौत की खबर सुनकर बेसुध हो गया घायल सुरेंद्र
गंभीर रूप से घायल सुरेंद्र ने होश में आने पर सबसे पहले संजीव के बारे में पूछा। जैसे ही सुरेंद्र को संजीव की मौत की खबर मिली तो वह बेसुध हो गया। परिजनों ने बताया कि दोनों के आमने-सामने घर होने के चलते आपस में गहरी दोस्ती थी। इसी के चलते अक्सर साथ रहा करते थे। (संवाद)