जालौन। तहबाजारी करने वाले युवकों ने बस में बैठे बारातियों के साथ मारपीट करने एवं 5200 रुपये छीने जाने के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को पकड़ा। पकड़े गए आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया।
उरई कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पटेल नगर निवासी फूल सिंह पाल 13 दिसंबर को बेटे श्याम सिंह की बरात निजी बस से उरई से मध्यप्रदेश के ग्वालियर लेकर जा रहे थे। देवनगर चौराहे पर तहबाजारी करने वाले युवकों ने जब उनकी बस को रोकना चाहा तो बस नहीं रुकी। तब युवकों ने छिरिया सलेमपुर गांव के युवकों को फोन करके बस रोकने के लिए कहा। गांव के युवकों ने रोड पर लोडर व अन्य गाड़ी खड़ी कर बस को छिरिया सलेमपुर गांव में रोक लिया। तब तक तहबाजारी वसूलने वाले युवक भी पहुंच गए। इसके बाद सभी ने गालीगलौज शुरू कर पांच हजार रुपये की मांग की। न देने पर बस में बैठे बरातियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। एक रिश्तेदार से 2700 रुपये एवं कंडक्टर से 2500 रुपये छीन लिए। लूटपाट का शिकार होने की सूचना फूल सिंह ने पुलिस को दी थी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी सोनू सेंगर चुर्खंबाल, गोलू सेंगर भवानीराम, अंकित कुशवाहा हरीपुरा, अभिषेक दीक्षित लौना रोड, पेलूराम, वकील खां, रेनू, अनिल कुमार समेत 10 लोगों के खिलाफ अवैध वसूली समेत संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस सोनू सेंगर, गोलू सेंगर, अंकित कुशवाहा, अभिषेक दीक्षित को पहले ही जेल भेज चुकी थी। बुधवार की सुबह कोतवाली पुलिस ने कमसेरा मोड़ से अंशुल तिवारी व अनिल सिंह निवासीगण छिरिया सलेमपुर को गिरफ्तार किया। प्रभारी कोतवाल दिलीप मिश्र ने बताया घटना के शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है।