जालौन। घर के कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर युवती झूल गई। पड़ोसी के घर से लौटने पर मां नेबेटी को लटके देखा तो बदहवास हो गईं। चीखपुकार सुनकर जागे भाई ने पिता और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मौत का सही कारण परिजन पुलिस को नहीं बता पा रहे हैं।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अमखेड़ा निवासी मुन्ना बाबू मजदूरी करते हैं। परिवार में पत्नी मिथलेशी, 19 वर्षीय बेटी ऐश्वर्या एवं छोटा बेटा रितिक है। मंगलवार सुबह मुन्ना बाबू मजदूरी के लिए चले गए थे। पत्नी मिथलेशी किसी काम के चलते पड़ोस में चली गई थीं। बेटे रितिक को बुखार आ रहा था तो वह दवा खाकर कमरे में सो गया। इसी बीच मौका पाकर ऐश्वर्या ने साड़ी का फंदा बनाकर कमरे की छत में पंखे के कुंडे में फंसाकर झूल गई। कुछ समय बाद घर लौटी मां ने कमरे में बेटी को लटका देखा तो वह होश खो बैठीं। मां की चीखपुकार सुनकर जागे बेटे रितिक ने पिता और पुलिस को सूचना दी। चीखपुकार सुनकर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। इसके बाद पिता मुन्ना बाबू और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एसआई कल्लू प्रसाद पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। शव को फंदे से नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पिता ने पुलिस को बताया कि बेटी को किसी भी तरह की कोई परेशानी नहीं थीं। वह काफी खुशमिजाज थी।