चोरों द्वारा खेतों में फेंका गया बक्सा व सामान देखती पुलिस
- फोटो : ORAI
कदौरा। थाना क्षेत्र के ग्राम मुमताजाबाद में बंद घर को निशाना बनाते हुए चोरों ने ताला तोड़ कर लाखों रुपये के जेवर व नगदी में हाथ साफ कर दिया। घटना के समय विधवा गांव में ही रिश्तेदार के घर सोने गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस को एक बक्सा 300 मीटर दूर खेत पर मिला। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि चोरों ने गांव के अन्य घरों में चोरी का प्रयास किया है।
रविवार को मुमताजाबाद निवासी विधवा साबिरा पत्नी स्व. जुबैर खान ने पुलिस को बताया कि 20 वर्ष पूर्व पति की मौत के बाद से वह गांव में अकेली रहती है। पुत्र साजिद ट्रक चालक है। रविवार रात 9 बजे वह दरवाजे के ताला बंद कर गांव में ही एक रिश्तेदार असलम के घर सोने चली गई थी। सुबह जब घर पहुंची तो दरवाजे के ताला टूटा देख कर चोरी की आशंका हुई। अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। वहीं जेवरातों वाला बक्सा घर से गायब था। मामले की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू की तो मकान से 300 मीटर दूर एक खेत में खाली बक्से व सोने-चांदी रखने वाली डिब्बी व अन्य सामान मिला।
जबकि बक्से में रखा सोने का मंगलसूत्र, झुमके, पायल, कंगन सहित 10 हजार रुपये गायब थे। महिला ने अनुसार, उसका डेढ़ लाख रुपये सामान चोरी हुआ है। महिला मजदूरी करती है और उसने पुत्र साजिद के विवाह के लिए जेवर बनवाए थे। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है, जल्द खुलासा कर दिया जाएगा। ग्रामीणों की मानें तो चोरों ने गांव के अन्य घरों में चोरी करने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सके।
कदौरा के मुमताज में घर में बिखरा पडा सामान दिखाती ग्रहणी- फोटो : ORAI