सावन पर गांव गए बसपा नेता के सामने से पड़ोसी गांव का रहने वाला युवक निकल गया। उसका आरोप है कि उसने बसपा नेता के पैर नहीं छुए। इससे नाराज नेता ने उसे मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर आरोपी बसपा नेता व चार साथियों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट डकोर थाने में दर्ज कर ली गई है।
डकोर थानाक्षेत्र के गांव चिल्ली निवासी बृजेश वर्मा ने थाना पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गुरुवार को वह पड़ोस के गांव चिल्ली सावन के मौके पर अपनी रिश्तेदारी में गया था। जहां पर वह बसपा के टिकट से उरई विधानसभा के टिकट पर चुनाव लड़ चुके सुरेश तिवारी के सामने से निकला, तो उसने बसपा नेता के पैर नहीं छुए।
इससे खफा बसपा नेता सुरेश तिवारी व मुन्ना वर्मा, पतरोल श्रीवास्तव आदि ने उसे रोक लिया और उसे बंदूक की बटों से बेरहमी से मारपीट कर लहूलुहान कर दिया। पीड़ित डकोर थाना पहुंचा और हमलावराें के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मामले में आरोपी बसपा नेता व उसके समर्थकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई की बात कही है।