कदौरा। कस्बे के मोहल्ले में बन रही निर्माणाधीन पुलिया का काम बंद पड़ा है। जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। कई लोग गिरकर चुटहिल हो चुके हैं।
कस्बे के मोहल्ला अंबेडकरनगर में पुलिया निर्माण मानक विहीन होने पर स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य बंद करवा दिया था। इसकी शिकायत अधिशासी अधिकारी से की थी। अधिशासी अधिकारी के निर्देश पर अवर अभियंता ब्रिजेन्द्र कुमार ने निरीक्षण किया था और मानक के अनुसार निर्माण करने का निर्देश ठेकेदार को दिए थे। ठेकेदार ने एक सप्ताह बाद भी कार्य शुरू नहीं कराया।
संजय गौतम, लखन अहिरवार, राधे सिंह ने बताया कि एक हफ्ते से निर्माण कार्य बंद है। कस्बे का मुख्य रास्ता होने के कारण लोगों को दो किलोमीटर का चक्कर लगाकर गुजरना पड़ रहा है। अगर जल्द निर्माण शुरू नहीं हुआ तो वह नगर पंचायत कार्यालय में धरना प्रदर्शन को मजबूर होंगे। वहीं अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि उन्होंने ठेकेदार को जल्द निर्माण शुरू करने के लिए कहा है, अगर एक दो दिन में कार्य शुरू नहीं हुआ तो टेंडर निरस्त कर ठेकेदार को काली सूची में डाल दिया जाएगा।