कदौरा कस्बे के हमीरपुर रोड स्थित आटो पार्ट्स की दुकान में रविवार की देर
रात करीब 12 बजे शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग की लपटें देख आसपास के लोगों
ने आग बुझानी चाही तो एक युवक झुलस गया। सूचना पाकर थाना पुलिस मौके पर
पहुंची और भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक करीब छह लाख
रुपये का आटो पार्ट्स का सामान जलकर राख हो गया।
थाना क्षेत्र के
मुहल्ला शीर निवासी तेज सिंह की हमीरपुर रोड पर आटो पार्ट्स की दुकान है।
रविवार की रात करीब आठ बजे वह दुकान बंद कर अपने घर चला गया। देर रात करीब
12 बजे अचानक दुकान में शार्ट सर्किट से आग लग गई। दुकान में रखे मोबिल आयल
की वजह से आग ने और विकराल रूप धारण कर लिया। दुकान से आग की लपटें निकलते
देख आसपास
रहने वाले लोगों ने दुकानदार तेज सिंह को जानकारी दी। सूचना
पाकर मौके पर पहुंचे दुकानदार ने थाना पुलिस व दमकल कर्मियों को सूचना देकर
आग बुझानी शुरू की। आग बुझाते समय पास में ही रहने वाला युवक बाल मुहम्मद
झुलस गया।
जानकारी होने पर थानाध्यक्ष विनोद मिश्रा भी मौके पर पहुंचे और
दमकल को मौके पर बुलाया । दमकल कर्मियों ने लोगों की मदद से एक घंटे की
मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक दुकान में रखा करीब छह लाख
रुपये का सामान जल गया।