जाम के दौरान रोते बिलखते परिजन
- फोटो : ORAI
उरई। दो महीने पहले पारिवारिक कलह के चलते महिला ने केमिकल पिया था, हालत बिगड़ने पर पीजीआई लखनऊ में भर्ती कराया गया। जहां सोमवार को महिला की मौत हो गई। परिजन शव को लेकर घर पहुंचे और मंगलवार की दोपहर अंतिम संस्कार के लिए ले जा रहे थे। तभी मायके पक्ष से पहुंचे लोगों ने महिला के शव को रास्ते में रखकर जाम लगा दिया। ससुरालियों पर कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाकर जाम खुलवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला राजेंद्र नगर निवासी रामबाबू की 22 वर्षीय पत्नी प्रीती ने पारिवारिक कलह के चलते दो माह पहले केमिकल पिया था। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई थी। इलाज के दौरान सोमवार को उसकी पीजीआइ लखनऊ में मौत हो गई। मंगलवार की दोपहर परिजन शव लेकर घर आए और अंतिम संस्कार करने के लिए ले जाने लगे। तभी मायके शीतला माता मंदिर पटेल नगर से परिजन बड़ी संख्या में पहुंच गए। इसके बाद करमेर रोड स्थित राजेंद्र नगर मोड़ पर शव रखकर जाम लगाकर हंगामा किया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने समझा बुझाकर जाम खुलवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि महिला की एक वर्ष पूर्व शादी हुई थी। कोई बच्चा भी नहीं था। पति ई रिक्शा चलाता था।