आचार संहिता लगने के बावजूद जिले में अब तक इसका ठीक से अनुपालन सुनिश्चित नहीं हो सका है। शायद यही वजह है कि नदीगांव विकास खंड में शासन से भेजी गई अखिलेश के फोटोयुक्त थालियां बच्चों को बंटवा दी गईं। इसकी जानकारी होने पर सियासी और प्रशासनिक हलकाें में हड़कंप मच गया। उत्तर प्रदेश में आदर्श आदर्श आचार संहिता लागू है लेकिन
बेसिक शिक्षा विभाग समाजवादी पार्टी का प्रचार कर रहा है। कम से कम उसकी ओर से अखिलेश के फोटो वाली थालियां बांटे जाने से तो ऐसा ही लग रहा है। नदीगांव ब्लाक के स्कूलों में बच्चों को जो थालियां बांटी गई हैं उनमें मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के चित्र वाले स्टीकर लगे हैं। ये बर्तन चुनाव के पहले आए थे लेकिन आचार संहिता लागू होने के बाद इनको नहीं बांटा
जाना चाहिए था। इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी नदीगांव विजय बहादुर सचान ने कहा कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। कहा, जो सामग्री आई है उसे रखवाने के लिए कहा गया था न कि बांटने के लिए। अगर सामग्री (बर्तन) बांटने का कोई मामला है तो वह देखेंगे। उन्होंने यह भी माना कि चुनाव दौरान सामग्री नहीं बांटने के साफ निर्देश पहले ही दिये जा चुके हैं।
मामला गंभीर, दिखवाया जाएगा
मुख्यमंत्री की फोटो लगे बर्तन करीब दो महीने पूर्व जिले में बच्चों को बंटवाने के लिए भेजे गए थे। ये अधिकतर जगहों पर बंट गए थे। अब जब आचार संहिता लग गई है तो जहां भी ये बर्तन हैं इन्हें किसी भी हाल में नहीं बंटवाया जाना चाहिए। इसी तरह मुख्यमंत्री की फोटो लगे राशन कार्डों को भी बंटवाने को लेकर सख्त निर्देश जारी किए जा रहे हैं। इस मामले को दिखवाया जाएगा। दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। - संदीप कौर,
जिला निर्वाचन अधिकारी