एट। एट थाना क्षेत्र के ग्राम पिरौना में कानपुर झांसी हाईवे पर पूर्व में बनी पुलिस चौकी के पास करीब 10 फुट लंबा अजगर निकलने से हड़कंप मच गया। पास के खेतों पर काम कर रहे किसानों ने अजगर को देखकर तत्काल सूचना पुलिस चौकी एवं वन कर्मियों को दी। इस पर चौकी इंचार्ज विजय द्विवेदी एवं वन क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र सिंह वन विभाग के दरोगा जावेद खान एवं वनकर्मी करण सिंह यादव, कल्याण यादव, महेंद्र सिंह, वीरसिंह, बहादुर सिंह ने मशक्कत के बाद अजगर को झाडिय़ों से निकालकर पकड़ लिया। बाद में डीएम डा. मन्नान अख्तर भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने अजगर को अपनी देखरेख में जंगल में छुड़वा दिया।
पुलिस चौकी के पास बने शहीद सिंहरण सिंह महाविद्यालय में भी अजगर की खबर से छात्र-छात्राएं दहशत में रहे। वन क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र सिंह ने बताया कि अजगर को सावधानी से पकड़कर एक बोरी में बंद करके एट के ग्राम पचोखरा में बनी रेंज में लाकर रखा गया है। अजगर मिलने की सूचना पर डीएम भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने अपनी देखरेख में अजगर को कानपुर झांसी हाईवे के बने चमारी नाला के जंगलों में वन विभाग की टीम के आला अधिकारियों के साथ चमारी के जंगल में खड़े होकर अजगर को छुड़वाया।