उरई। राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. कंचन जायसवाल ने कदौरा ब्लाक के छौंक गांव में महिला जन चौपाल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने बैठक करने के लिए जगह की मांग की। उन्होंने एनआरएलएम के डीसी को निर्देशित किया कि जगह की व्यवस्था कराएं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को खुलकर बोलने की आवश्यकता है। ताकि उनकी समस्याओं का निराकरण किया जा सके। गांव के आंगनबाड़ी केंद्र पर गुड्डा-गुड्डी बोर्ड की स्थापना की। गोद भराई और अन्नप्रासन्न का कार्यक्रम कराया गया। इस मौके पर महिलाओं ने घरेलू हिंसा से संबंधित सवाल पूछे, जिसका उन्होंने जवाब दिया।
जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ. अमरेंद्र कुमार पौत्स्यायन ने महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित समस्त योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान सीडीपीओ गोमती देवी, जूली खातून, रचना कुशवाहा, अलकमा अख्तर, वीरसिंह,चंदन सिंह आदि रहे।
जनचौपाल के बाद डॉ. जायसवाल ने जिला कारागार महिला सेल का निरीक्षण किया और महिलाओं से बातचीत की। इसके बाद विकास भवन सभागार में महिला जन सुनवाई की। इसमें 30 महिलाओं ने समस्याएं बताईं। इसमें घरेलू हिंसा, बलात्कार, छेड़छाड़, दूसरी पत्नी रखने, जमीन जायदाद से जुड़ी शिकायतें थीं। इसके लिए उन्होंने संबंधित विभाग के अघिकारियों को निर्देशित किया। जनसुनवाई में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रेनू यादव, सीओ सिटी विजय आनंद, जिला समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव, बाल कल्याण समिति की गरिमा पाठक आदि मौजूद रहे।
---------------------
डीएम ने किया निर्वाचन कार्यालय का निरीक्षण
उरई। डीएम प्रियंका निरंजन ने बुधवार को जिला निर्वाचन कार्यालय का मासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्ट्रॉग रूम में रखीं मशीनों को देखकर संबंधित को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने रजिस्टरों को देखा। (संवाद)