उरई (जालौन)। संविदा कर्मी अकाउंटेंट ने घर में लाइसेंसी राइफल से सिर पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने राइफल को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों के मुताबिक वह तनाव में रहता था।
जालौैन कोतवाली क्षेत्र के सारंगपुर गांव निवासी रामकेश साहू (38) वर्तमान में पत्नी और बच्चों के साथ शहर के मोहल्ला उमरारखेरा में रहता था। वह झांसी जनपद के गुरसरांय ब्लाक कार्यालय में संविदा पर अकाउंटेंट था। पत्नी किरन ने बताया कि सोमवार सुबह लगभग आठ बजे वह दोनों घर पर थे। दोनों बेटे राजा और राम कोचिंग पढ़ने गए थे। वह घरेलू काम में व्यस्त थी। उसी दौरान रामकेश ने अलमारी में रखी लाइसेंसी राइफल निकाल ली। उसने टोका तो राइफल की सफाई करने की बात कही। पति की बात सुनकर वह अपने काम में लग गई।
कुछ देर बाद ही रामकेश ने कमरे में कुर्सी पर बैठकर राइफल से सिर में गोली मार ली। उसने जाकर देखा तो शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा था। मोहल्ले के लोग भी आ गए। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच पड़ताल की। किरन ने बताया कि पति अक्सर तनाव में रहते थे।