जालौन औरैया हाईवे पर जाम में फंसे वाहन
- फोटो : ORAI
बावली (जालौन)। जालौन-औरैया हाईवे स्थित यमुना नदी पुल पर दो ट्रकों की टक्कर के बाद रविवार की देर रात 12 बजे जाम लग गया। इससे दोनों ओर से वाहनों की कई किलोमीटर तक लंबी लाइनें लग गई। इस कारण वाहन चालक, राहगीरों को काफी परेशान होना पड़ा। 15 घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे। भीषण गर्मी में पानी व खाने के लिए काफी समस्या हुई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जाम खुलवाने का प्रयास किया पर सफल नहीं हुई। पुलिस ने सोमवार की दोपहर तीन बजे के बाद से छोटे वाहनों को बीच-बीच में निकलना शुरू किया। बड़े वाहनों में बैठे यात्री पैदल ही कई किलोमीटर तक चलकर अपने गंतव्य तक पहुंचे, जबकि ट्रक, बस अभी जाम में फंसे हैं। बताते चलें कि हमीरपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट, झांसी जाने वाले ट्रक और बस इसी जालौन-औरैया हाईवे का उपयोग करती हैं।
औरैया-हाईवे पर यमुना पुल के उस पार देवकली चौकी के पास रविवार की देर रात दो ट्रकों की भिंड़त हो गई। इससे हाईवे पर जाम लग गया। देखते ही देखते सुबह तक लगभग कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी लाइनें लग गई। घंटो इंतजार करने के बाद वाहनों में सवार लोग पैदल ही बच्चों को लेकर गंतव्य की ओर रवाना हो गए। जाम में ट्रक ,यात्री वाहन, कार सहित सैकड़ों वाहन फंसे रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जाम खुलवाने का काफी प्रयास किय पर वाहन चालकों की जल्दबाजी के चक्कर में जाम नहीं खुल सका। वहीं खबर लिखे जाने तक दोनों जनपदों की पुलिस जाम खुलवाने के प्रयास में जुटी रहीं।