सिरसाकलार/कुठौंद। जालौन-औरैया मार्ग पर आगे जा रहे ट्रक में पीछे से डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में डंपर के खलासी की केबिन में फंसकर मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कुठौंद थाना क्षेत्र के जालौन औरैया मार्ग पर शंकरपुर पुलिस चौकी के पास गुरुवार की सुबह लगभग चार बजे झांसी से गिट्टी का चूरा लेकर कन्नौज के बेला जाते समय आगे चल रहे ट्रक से टकरा गया। जिससे डंपर का खलासी शैलेंद्र (22) निवासी डबरापुर थाना मंगलपुर जनपद कानपुर देहात केबिन में फंस गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन मंगाकर खलासी को बाहर निकाला। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पाकर पहुंचे मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह तीन भाई व दो बहनों में दूसरे नंबर का था। उसकी अभी शादी नहीं हुई थी। मौत से पिता रघुनन्दन सिंह, मां लक्ष्मी देवी सहित अन्य परिजनों का हाल बेहाल है।