उरई/बावली। वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को पड़ा देख सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घायलों को कुठौंद सीएचसी पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी। जहां हालत गंभीर होने पर दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में देर शाम इलाज के दौरान चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की मौत हो गई। जबकि दूसरे घायल को ग्वालियर के लिए रेफर किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए थे।
कुठौंद कस्बा निवासी योगेंद्र उर्फ गोलू (30) और प्रवेश खटीक(27) सोमवार की शाम बाइक से कुठौंद से जालौन जा रहे थे। जब उनकी बाइक थाना क्षेत्र के हदरुख शेखपुरा गांव के पास पहुंची। तभी किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रुप से घायल हो गए। जिला अस्पताल में गोलू की मौत हो गई। जबकि दूसरे घायल का इलाज चल रहा है। गोलू के परिजनों ने बताया कि वह जनता इंटर कालेज कुठौंद में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी था। पिता की मौत होने पर उसे नौकरी मिली थी। उसकी अभी शादी नहीं हुई थी। पांच बहनों में एकलौता भाई था। उसकी मौत से मां मुन्नीदेवी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।