मुहम्मदाबाद। कुसमिलिया गांव में सोमवार रात शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहे युवक को दूसरे ने डंडा मार दिया। परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस मामला संदिग्ध मान रही है।
डकोर कोतवाली क्षेत्र के कुसमिलिया गांव निवासी रामपाल (35) गांव के ही मनोज अहिरवार के पास बैठकर शराब पी रहा था। ग्रामीणों की माने तो कुछ देर बाद रामपाल नशे की हालत में मनोज से गाली-गलौज करने लगा। जब उसने विरोध किया तो उसने मनोज को चप्पल मार दी। इस पर गुस्से में मनोज ने डंडे से रामपाल के सीने में वार कर दिया। इससे वह घायल होकर गिर पड़ा। परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीओ अर्चना सिंह ने बताया कि रामपाल शराब का आदी था। उसका विवाद मनोज से हुआ है। डंडे से मारने की बात सही नहीं है। मामला संदिग्ध लग रहा है। जांच की जा रही है। अभी तक परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। परिजनों ने बताया कि रामपाल की अभी तक शादी नहीं हुई थी। उसकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।