उरई। मालगाड़ी की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। रेलवे फाटक बंद होने के बावजूद वह जल्दबाजी में ट्रैक पार रहा था। उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नया रामनगर निवासी अमित कुमार (30) शहर के राठ रोड पर फल का ठेला लगाकर परिवार का भरण पोषण कर करता था। शुक्रवार रात वह घर चला गया। लेकिन कुछ काम याद आ जाने के बाद वह रेलवे ट्रैक पार कर चला गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अजनारी रोड स्थित रेलवे फाटक बंद होने से वह जल्दबाजी में उसके नीचे से निकला, तभी झांसी की ओर से आ रही मालगाड़ी की चपेट में आ गया और इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। उसकी दो बेटियां हैं। पत्नी सुशीला सहित अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। कोतवाली प्रभारी अरुण कुमार राय ने बताया कि जांच पड़ताल की जा रही है।