फोटो - 03 मृतका सुनैना देवी की फाइल फोटो।
माधौगढ़। गोहन थाना क्षेत्र के पृथ्वीपुरा गांव में मंगलवार को महिला ने घर के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जांच में महिला के लंबे समय से बीमार रहने के कारण आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
गोहन थाना क्षेत्र के पृथ्वीपुरा निवासी अखिलेश सिंह सेंगर की पत्नी सुनैना देवी (51) करीब तीन वर्षों से बीमार चल रही थीं। मंगलवार सुबह अखिलेश सिंह हलवाई की बुकिंग के सिलसिले में घर से बाहर चले गए थे। उनके अनुसार उस समय पत्नी घर में चारपाई पर सो रही थीं। दोपहर में जब वह लौटे तो सुनैना देवी का शव घर के दरवाजे की चौखट से रस्सी के फंदे पर लटका मिला।
सूचना मिलते ही ईंटो चौकी प्रभारी शिव बहादुर सिंह और गोहन थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुशवाहा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि दंपती घर में अकेले रहते थे। उनका पुत्र गोलू अहमदाबाद में पानीपूरी का व्यवसाय करता है। घटना की सूचना उसे भी दे दी गई है।
गोहन थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुशवाहा ने बताया कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।