उरई। मायके में रह रही महिला ने घर के कमरे में लगे हुक से रस्सी का फंदा लगाकर जान दे दी। परिजन जब कमरे में पहुंचे तो फंदे पर शव लटका देखा। पुलिस को सूचना दी। पुलिस जांच में जुटी है। परिजनों का कहना है कि ससुरालियों की प्रताड़ना से परेशान होकर उसने आत्महत्या की है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बघौरा निवासी गोमती उर्फ गौरी (35) ने शनिवार की शाम फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। भाई संदीप ने बताया कि गोमती की शादी वर्ष 2012 में मध्य प्रदेश के दतिया जिले के पंडोखर निवासी चतुर सिंह के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पारिवारिक विवाद चलते रहे। बीते करीब दो वर्षों से विवाद अधिक बढ़ जाने के कारण गोमती अपने दोनों बच्चों के साथ ससुराल छोड़कर मायके में रह रही थी। वह तनाव में रहने लगी थी। गोमती की मौत से उसके बेटे अंश और बेटी अंशिका सहित अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। कोतवाली प्रभारी हरीशंकर चंद्र का कहना है कि जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह पता चलेगी।ऋ