कोटरा। थाना क्षेत्र के ग्राम विनोरा के पास नहर किनारे खेतों में शनिवार दोपहर भीषण आग लग गई, जिससे सैकड़ों बीघा गेहूं के डंठल जलकर राख हो गए। आग की सूचना मिलते ही कोटरा पुलिस ने फायर ब्रिगेड को जानकारी दी, जिसके बाद दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं।
भीषण गर्मी और तेज हवाओं के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। दमकल कर्मी अनिल कुमार, त्रिलोक सिंह, समीर कुमार, तेजपाल, हरिशंकर और पुरुषोत्तम आग बुझाने में लगे रहे। ग्रामीणों के अनुसार गेहूं के डंठल से ही पशुओं के लिए भूसा तैयार किया जाता है। आग लगने से किसानों को भारी नुकसान हुआ है और अब उनके सामने पशुओं के चारे की समस्या खड़ी हो गई है।
किसान राममोहन ने बताया कि डंठल जल जाने से पशुओं के लिए भूसा तैयार करना मुश्किल हो गया है, जिससे आने वाले दिनों में परेशानी बढ़ सकती है। (संवाद)