बरसार में विचित्र बुखार से तीन मासूमों की मौत को लोग भूल भी नहीं पाए थे कि इस बीमारी ने कदौरा क्षेत्र के गांव चंदरसी में वृद्ध की जान ले ली। इस गांव के दर्जनों लोग बुखार की चपेट में हैं। सूचना पर कदौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम गांव पहुंची और पीड़ितों के खून का नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिया है।
कदौरा थाना क्षेत्र के गांव चंदरसी के लोगों के मुताबिक जुकाम-बुखार से सभी लोग प्रभावित है। घर-घर चारपाई पर लोग लेटे हैं। सोमवार को वृद्ध बद्रीप्रसाद (80) की मौत हो गई। मंगलवार को सूचना पर डॉक्टर एसपी चौधरी के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और घर-घर जाकर लोगों को दवाएं देकर उनके रक्त का नमूना लिया। कई लोगों को वायरल बुखार है। करीब चार लोगों को मलेरिया बुखार पाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक कोई गंभीर बीमारी नहीं है।
कदौरा का पालीगांव भी चपेट में
कदौरा का पालीगांव भी संक्रमण की चपेट में है। गांव में करीब 25 से अधिक लोग बीमार हैं। इन सभी को बुखार, उल्टी-दस्त की शिकायत है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी एस पी चौधरी ने बताया कि सूचना मिली है। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम जाएगी। बीमार लोगों के रक्त के नमूने जांच के लिए जिला अस्पताल भेजे जाएंगे।