कोंच। देर रात दुकान बंद कर घर लौट रहे एक दुकानदार पर स्टेट बैंक के पास खड़े सांड ने हमला कर दिया। सांड ने दुकानदार को अपने सींगों में उठाकर फेंक दिया, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गए और कुछ समय तक अचेत पड़े रहे। राहगीरों ने घायल को नजदीकी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, साथ ही परिजनों को भी सूचना दी गई।
कस्बे में आवारा मवेशियों की बढ़ती संख्या लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। गली-मोहल्लों से लेकर मुख्य सड़कों तक आवारा जानवर घूमते नजर आते हैं। खासकर सांडों की संख्या अधिक होने से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को भारी डर बना रहता है, लोग रास्ता बदलने को मजबूर हो जाते हैं। गुरुवार को सांडों का आतंक फिर देखने को मिला। दुकानदार सुभाष नगर निवासी अवधेश शुक्ला (62) हैं, जो स्टेट बैंक के पास जनरल स्टोर की दुकान चलाते हैं। वे रात करीब साढ़े दस बजे दुकान बंद कर घर जा रहे थे, तभी बैंक परिसर में लगे वाटर कूलर के पास खड़े सांड ने अचानक उन पर हमला कर दिया। इलाकाई निवासी संजय सोनी, गौरव सोनी, लल्ला अग्रवाल, जीतू यादव, संजय यादव सहित कई लोगों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि कस्बे में अभियान चलाकर आवारा मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जाए, जिससे आमजन को राहत मिल सके।