उरई (जालौन)। अपर जिलाधिकारी लोकपाल सिंह ने कहा कि अच्छा काम करने के लिए व्यक्तियों की संख्या नहीं बल्कि इच्छा शक्ति की जरूरत होती है। वह मंगलवार को विश्व रेडक्रास दिवस के मौके पर जिला अस्पताल में आयोजित संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने रेडक्रास सोसाइटी से जुड़कर मानव सेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया।
गोष्ठी में रेडक्रास सोसाइटी के सचिव अभय द्विवेदी ने रेडक्रास के सिद्धांतों पर चलकर काम करने की जरूरत बताई। डॉ. आरके अंबष्ट ने कहा कि भारतीय रेडक्रास संगठन की देश भर में 700 से अधिक शाखाएं हैं, जो आपात स्थिति के समय में लोगों को राहत प्रदान करने का कार्य करती है। गोष्ठी में सीएमएस डा.खेमचंद्र, रामकुमार दीबौलिया, अतबल सिंह चौहान, सत्य पाल शर्मा, अशोक द्विवेदी, रामशरण जाटव, लक्ष्मणदास बाबानी, दीपांशु समाधिया आदि ने विचार व्यक्त किया। संचालन कोषाध्यक्ष युद्धवीर कंथरिया ने किया। गोष्ठी के बाद रेडक्रास के सदस्य प्रियंका गुप्ता, जितेंद्र वर्मा, लक्ष्मणदास बाबानी, डा.कैलाश निरंजन, देवेंद्र जालौन ने रक्तदान किया। रक्तदान करने वाले सदस्यों को एडीएम लोकपाल सिंह, सीएमएस खेमचंद्र तथा डिप्टी सीएमओ आरके अंबष्ट ने जूस पिलाया।
उधर, गोष्ठी में जब कुछ रक्तदान करने वालों ने कहा कि रक्तदान सफल तभी होगा जब जिला चिकित्सालय में ब्लडबैंक से रक्त मरीजों को समय से मिले। इसपर सीएमएस डा.खेमचंद्र ने आश्वासन दिया कि अब ब्लडबैंक से 24 घंटे जरुरत मंद मरीजों को रक्त मिलेगा।