उरई (जालौन)। अब फरियादी को अगर किसी भी थानाध्यक्ष, कोतवाली प्रभारियों ने इधर उधर भटकाया तो उनकी खैर नहीं। इस संबंध में कानपुर जोन के आईजी पीयूष आनंद ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि फरियादी चाहे जिस थाने में पहुंचे, वहां की पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ेगी, भले ही मामला दूसरे थाना क्षेत्र का हो। ऐसे में पुलिस संबंधित थाने को सूचना देकर मौके पर पहुंचेगी।
सोमवार को एसपी के कैंप कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान आईजी ने कहा कि जनता न्याय की आस में पुलिस के द्वार आती है और मातहत उन्हें चौकी क्षेत्र का हवाला देकर यहां वहां दौड़ाते है। यह कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मातहतों को दो टूक लहजे में कहा कि अगर कोई ऐसा प्रकरण आता है जो पुलिस के हस्तक्षेप के योग्य न हो तो पुलिस फरियादी को घुमाए नहीं बल्कि उसे संबंधित सक्षम अधिकारी के पास भेज दे।
बीहड़ में नवोदित गिरोह के सक्रिय होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस पर काम किया जा रहा है। शीघ्र ही परिणाम सामने होंगे। इससे पहले उन्होंने पुलिस लाइन में मातहतों की बैठक में निर्देश दिए कि अपहरण, लूट, हत्या, वाहन चोरी की वारदातों पर हर हाल में अंकुश लगाएं। अपराधियों को चिह्नित कर कड़ी कार्रवाई करें। इस दौरान डीआईजी एसएन सिंह, एसपी नवनीत कुमार राणा, एएसपी अनिल कुमार राय आदि मौजूद रहे।