उरई (जालौन)। कालपी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कागजीपुरा में शनिवार की सुबह खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में रिसाव होने से आग लग गई। आग की चपेट में आकर विवाहिता गंभीर रूप से झुलस गई। उसे बचाने में पति भी झुलस गया। चीख पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। नाजुक हालत देख डॉक्टरों ने दोनों को मेडिकल कालेज झांसी रेफर कर दिया, जहां विवाहिता की मौत हो गई। उधर, तीन नवंबर को खाना बनाते समय आग से झुलसी एक अन्य महिला ने भी शनिवार की तड़के उपचार के दौरान जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया।
कालपी प्रतिनिधि के मुताबिक नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कागजीपुरा निवासी राकेश कुमार की पत्नी श्रीमती गीता देवी शनिवार की सुबह तकरीबन आठ बजे घर में खाना बना रही थी। अचानक गैस सिलेंडर में रिसाव होने से सिलेंडर में आग लग गई। आग की चपेट में आकर गीता गंभीर रूप से झुलस गई, चीख पुकार सुनकर पति राकेश उसे बचाने पहुंचा तो वह भी गंभीर रूप से झुलस गया। परिजनों ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी गंभीर हालत देखते हुए मेडिकल कालेज झांसी रेफर कर दिया गया । परिजन दोनों को लेकर मेडिकल कालेज झांसी पहुंचे, जहां उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई।
उधर, शहर कोतवाली के कोंच रोड स्थित कांशीराम कालोनी निवासी अशोक कुमार की पत्नी श्रीमती कविता (25) तीन नवंबर को घर में गैस चूल्हे पर खाना बना रही थी, तभी अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई थी। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान शनिवार को तड़के उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।