उरई (जालौन)। हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर न्यामतपुर में युवक की मौत के मामले में परिजनों ने अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता व अवर अभियंता के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट सिरसा कलार थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है।
सिरसाकलार थाना क्षेत्र के गांव न्यामतपुर में 6 नवंबर की शाम हाईटेंशन लाइन टूटकर घरेलू लाइन पर गिर गई थी, जिससे घरों में करंट दौड़ गया। करंट की चपेट में आकर अशोक कुमार समेत कई ग्रामीण गंभीर रूप से झुलस गए थे। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उपचार के दौरान अशोक की मौत हो गई। इस पर मृत युवक के पिता श्याम बाबूू ने आरोपी अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता व अवर अभियंता के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्जकर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष संतोष कुमार का कहना है कि साक्ष्यों का संकलन कर कार्रवाई की जा रही है। मालूम हो कि पखवारे भर के अंदर जिले में एचटी लाइन टूटने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बाद भी विद्युत विभाग जर्जर होकर झूल रहे तारों को ठीक नहीं करा रहा है। इससे इलाकाई लोगों में खासी नाराजगी है।