कुठौंद (जालौन)। कुठौंद कस्बे में सोमवार को दोपहर खेत पर मवेशी चराने गए वृद्ध पर हाईटेंशन लाइन का तार टूट कर गिर गया। करंट लगने से वृद्ध गंभीर रूप से झुलस गया। उसे गंभीर हालत में उसे सामुदायिक स्वास्थ केंद्र में भर्ती कराया गया। उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने सैफई मेडिकल कालेज रेफर कर दिया।
कुठौंद थाना व कस्बा निवासी रतीराम पाल (65) सोमवार को खेत में मवेशी चराने गया था। इस बीच व धर्मपुरा रोड पर खेत की मेड़ पर बैठा था। तभी ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर वृद्ध के ऊपर गिर गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने सैफई मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। उधर, गांव के जिला पंचायत सदस्य श्याम यादव छौना व ग्रामीण कुलदीप मिश्र का कहना है कि कुठौंद क्षेत्र की हाईटेंशन लाइन जर्जर हो चुकी है और आए दिन टूटने से हादसे हो रहे है। इस बारे में विद्युत महकमे के बड़े अफसरों को कई मर्तबा अवगत कराया जा चुका है, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हो सकी है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जल्द ही जर्जर एचटी लाइनें न बदली गईं तो आंदोलन का रास्ता अख्तियार करेंगे।