उरई (जालौन)। घर से भागी लड़कियों के मामले में 5 अक्तूबर को कोतवाली के सामने उपद्रव करने वाले चार आरोपियों को सोमवार की रात उनके घरों से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने वीडियो फुटेज से इनकी पहचान की। कोतवाल वीपी चतुर्वेदी का कहना है कि पकडे़ गए आरोपियों के खिलाफ पुख्ता सुबूत हैं। इनके साथियों के बारे में पूछताछ की जा रही है, ताकि उनकी धरपकड़ भी जल्द हो सके।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला रामनगर से दो नाबालिग लड़कियां अपने प्रेमियों कुठौंद निवासी गौरव चतुर्वेदी व अतुल गुप्ता के साथ भाग गई थीं। इस बीच चुर्खी थाना पुलिस ने नून नदी से दो लड़कियाें के शव बरामद किए। रामनगर निवासी पिता ने अपनी बेटियों के रूप में इनकी पहचान की थी। शहर के लोगाें ने दोनाें शवों को कोतवाली के सामने रखकर बवाल किया था। उपद्रवियों ने कोतवाली में खड़े वाहनों में तोड़फोड़ व आगजनी भी की थी। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने 500 अज्ञात उपद्रवियों पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
दो दिन पहले कोतवाली आए आईजी आशुतोष पांडे ने उपद्रवियों को जल्द से जल्द पकड़ने केनिर्देश दिए थे। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने सीसीटीवी कै मरे की फुटेज से उपद्रवियों की शिनाख्त की। सोमवार की रात उपद्रवियों के घर पर दबिशें देकर छात्र नेता शिवा सोनी निवासी गोपालगंज, संदीप कुमार निवासी रामनगर, संदीप गुप्ता निवासी बल्दाऊ चौक व कपिल गुप्ता निवासी तुलसीनगर को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल वीपी चतुर्वेदी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी वीडियोग्राफी में आगजनी करते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई और आरोपी चिन्हित हो चुके हैं। उनको भी दबिश देकर पकड़ा जाएगा।