उरई। भारतीय सुरक्षा दक्षता परिषद व एसआईएस इंडिया लिमिटेड के तत्वावधान में शुक्रवार को कोंच ब्लॉक कार्यालय में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में 54 युवाओं को विभिन्न कंपनियों में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी दी गई। उत्साहित युवाओं ने बताया कि नौकरी भले ही छोटी हो, लेकिन इसकी मदद से वह आगे की पढ़ाई कर बेहतर मुकाम हासिल कर सकेंगे।
कोंच व नदीगांव ब्लाक दोनों ही स्थानों पर सुबह से ही युवाओं की भीड़ पहुंचने लगी थी। कोंच में कंपनी के एसएचओ संदीप महतो व सुपरवाइजर आशीष यादव भी युवाओं का साक्षात्कार करने को एकदम तैयार थे। शाम चार बजे तक दोनों ही स्थानों पर साक्षात्कार की प्रक्रिया शुरू की गई।
अधिकारियों ने बताया कि कोंच में कुल 34 पात्र युवाओं का चयन किया गया। जिन्हें विभिन्न कंपनियों व दफ्तरों में गार्ड की ड्यूटी पर लगाया जाएगा। चयनित युवाओं की आयु 21 से लेकर 37 वर्ष तक रही। चयन के लिए शिारीरिक लंबाई 168 सेमी, वजन 56 किग्रा से 90 किग्रा व दसवीं पास होने की अहर्ता पूरी करनी होती है।
सभी चयनित युवाओं से रजिस्ट्रेशन शुल्क 350 रुपये जमा करने के बाद एक माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा। चयनित लोगों की 65 वर्ष की आयु तक स्थायी नियुक्ति होगी। पीएफ, ईएसआई, लोन, पेंशन, छह लाख रुपये तक
बीमा की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। चयनित युवाओं के दो बच्चों का दाखिला इंडियन पब्लिक स्कूल देहरादून में हो सकेगा। वहीं नदीगांव ब्लॉक कार्यालय में भी मेले के अंतर्गत 20 पात्रों को चयनित किया गया। उनका कहना है कि गार्ड की नौकरी की मदद से वे आगे की पढ़ाई जारी रख सकेंगे। जिससे और भी बड़ी नौकरी पाने का मार्ग तैयार होगा।