उरई। जिला सेवायोजन कार्यालय परिसर में रोजगार एवं कॅरिअर काउंसलिंग मेले का आयोजन किया गया। इसमें 70 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें 53 को नौकरी मिली है।
सोमवार को जिला सेवायोजन कार्यालय में आयोजित रोजगार मेले में एलआईसी, किसान ग्रोथ प्राइवेट लिमिटेड, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, आईसेक्ट रोजगार मंत्रा, कारस कृपा प्राइवेट लिमिटेड, सिद्धार्थ आर्गेनिक एग्रीकल्चर फार्म आदि कंपनियों के प्रतिनिधियों ने कंपनी के लिए अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए। उनकी शैक्षिक योग्यता देखी और कंपनी काम और पॉलिसी समझाई।
नियोक्ता और अभ्यर्थी के बीच सहमति बनने पर उन्हें ऑफर लैटर दिए गए। प्रभारी सेवायोजन अधिकारी भगवत नारायण ने बताया कि मेले में 70 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। इसमें 53 अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता और क्षमता के अनुसार कंपनियों ने चुन लिया और उन्हें ऑफर लेटर सौंपे। इसके पूर्व अभ्यर्थियों की कॅरिअर के लिए काउंसलिंग भी की गई। इस दौरान वरिष्ठ सहायक आशीष कुमार, विशाल साहू, धर्मेद्र श्रीवास, अंकित राज, जिलेदार यादव, नारायण सिंह आदि ने सहयोग किया।