कदौरा। विकास खंड के ग्राम पिपरांया स्थित परिषदीय विद्यालय में शनिवार को डीडीओ मिथलेश सचान ने प्रधानमंत्री आवासों के पात्र लाभार्थियों को स्वीकृत प्रमाण पत्र सौंपे और निर्माण कार्य को समय पूरा करने के निर्देश दिए।
परिषदीय विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में डीडीओ ने बताया कि शासन की मंशा है, कि कोई भी पात्र व्यक्ति प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित न रहे, इसके लिए जिला स्तर सहित ब्लॉक सहित पर निगरानी समिति का गठन किया गया है। उन्होंने शासन से स्वीकृत 27 लाभार्थियों को स्वीकृत प्रमाणपत्र सौंपकर नियमानुसार निर्माण करने के निर्देश दिए। डीडीओ ने कार्यक्रम में देर से आने पर सचिव संतोष वर्मा को कड़ी चेतावनी दी। कार्यक्रम के बाद डीडीओ ने गांव का निरीक्षण कर सामुदायिक शौचालय, आवास, व्यक्तिगत शौचालय, मनरेगा कार्यों सहित विकास कार्यों का निरीक्षण किया। डीडीओ ने सामुदायिक शौचालय के समीप पुलिया बनाने का निर्देश को दिए। इस मौके पर बीडीओ अतिरंजन सिंह, प्रधान प्रतिनिधि गौरव द्विवेदी, जेई प्रवीण द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे ।
सरकारी योजनाओं का लाभ लें पात्र
जालौन। तहसील क्षेत्र की जगनेवा ग्राम पंचायत में परियोजना निदेशक शिवकांत द्विवेदी की अध्यक्षता में आवास दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र बांटे गए।
परियोजना निदेशक शिवकांत द्विवेदी ने ग्रामीणों से कहा कि जिन व्यक्तियों के पास आवास नहीं हैं। उन्हें आवास उपलब्ध कराया जाएगा। खंड विकास अधिकारी महिमा विद्यार्थी ने कहा कि सरकार ने ऐसे लोगों के लिए इस योजना की शुरूआत की है जो आर्थिक रूप से अपना घर स्वत: बनाने में सक्षम नहीं हैं। ऐसे लोग इस योजना का लाभ उठाकर अपना घर बना सकते हैं। इस दौरान गांव में लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र भी बांटे गए एवं विधि विधान से भूमि पूजन कार्यक्रम हुआ। इस मौके पर ग्राम विकास अधिकारी पवन सोनी, तकनीकी सहायक गणेश कुमार, ग्राम प्रधान संजीव कुमार आदि समेत लाभार्थी मौजूद रहे।