उरई/ कोंच। चित्रकूट में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद हरकत में आए आबकारी विभाग और पुलिस ने अभियान चलाकर अवैध शराब की धरपकड़ की। भारी मात्रा में अवैध शराब तैयार करने के लिए उपयोग में लाई जाने वाली सामग्री बरामद की गई। कुछ लोगों को भी गिरफ्तार किया है।
जिला आबकारी अधिकारी केपी यादव ने बताया कि डकोर और कोंच इलाकों के अलावा थानाक्षेत्रों में चले अभियान के अंतर्गत 100 लीटर से अधिक अवैध शराब बरामद की गई है। डकोर के सिमरिया गांव स्थित कबूतर डेरा से करीब 50 लीटर अवैध शराब और 1000 किलो लहन बरामद किया गया। हालांकि अवैध शराब बनाने वाले मौके से भाग निकले, जिनकी तलाश की जा रही है। यहां पर थाना प्रभारी अजय सिंह के अलावा आबकारी विभाग के पीपी टंडन, मनोज कुमार, नसीम खाम आदि रहे। अभियान के कारण पूरे दिन शराब माफियाओं में हड़कंप मचा रहा। कार्रवाई से ठेकों के संचालक और सेल्समैन भी सहमे रहे।
कदौरा पुलिस के मुताबिक इकौना से 40 लीटर शराब बरामद की गई। रेढऱ थाना पुलिस ने सीताराम निवासी देवलारी थाना रेढऱ को अवैध शराब के साथ पकड़ लिया। वही आटा पुलिस ने वीरेंद्र निवासी सेमरी थाना आटा को 10 लीटर अवैध शराब के साथ, केदार निवासी करमेर को 20 लीटर अवैध शराब के गिरफ्तार किया। कोतवाली उरई पुलिस ने रधुवर निवासी कस्बा उरई से 50 लीटर अवैध शराब बरामद की। सिरसाकलार पुलिस ने अजय निवासी कबूतरा डेरा एरच झांसी को पकड़कर 15 लीटर अवैध शराब बरामद की। वही गोहन थाना के उपनिरीक्षक बंशराज ने सरावन तिराहा से प्रशांत कुमार निवासी राजपुरा को 20 लीटर अवैध शराब के संग पकड़ लिया।
कोंच। आबकारी विभाग के कोंच क्षेत्र देख रहे इंसपेक्टर पीपी टंडन, उरई इंसपेक्टर मनोज कुमार, माधौगढ़ इंसपेक्टर नासिर खान की अगुवाई में सोमवार को कोतवाली क्षेत्र के बसोव और चांदनी गांवों में छापेमारी की। टीम ने कोंच के गिरवरनगर, घुसिया और चांदनी रोड पर स्थित डेरों पर भी कार्रवाई की। दोनों स्थानों से सिर्फ 10 लीटर ही अवैध शराब हाथ लगी। आबकारी टीम ने बसोव और चांदनी में मुनादी कराई और दीवारों पर पोस्टर चस्पा कराए कि अगर किसी व्यक्ति को अवैध शराब निर्माण के बाबत किसी तरह की जानकारी मिले तो आबकारी विभाग को उसकी जानकारी उपलब्ध कराएं ताकि उस पर कार्रवाई की जा सके।
50 लीटर शराब सहित तीन गिरफ्तार
कोंच। पुलिस ने महेशपुरा रोड से वीरेंद्र निवासी भगत सिंह नगर को 20 लीटर शराब के साथ गिरफ्तार किया है। कैलिया रोड स्थित कबूतरा डेरा के पास से ताहिर निवासी आराजीलेन को 20 लीटर शराब के साथ गिरफ्तार किया गया है। उधर, दिरावटी रोड से सलीम निवासी आजाद नगर को 10 लीटर अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं मेें कार्रवाई की गई है।
बसोव में पोस्टर चस्पा करती आबकारी विभाग की टीम- फोटो : ORAI
शराब बनाने में प्रयोग की जाने पुलिस द्वारा बरामद लहन- फोटो : ORAI
डकोर कोतवाली क्षेत्र गुढ़ा के अवैध शराब के अड्डे पर शराब व लहन साथ आबकारी पुलिस व डकोर पुलिस- फोटो : ORAI