उरई। नाला निर्माण न होने से इंदिरानगर के बाशिंदों को गंदगी व जलभराव की समस्या से जूझना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि मोहल्ले में चारों तरफ गंदगी का अंबार लगा है। इससे बाशिंदों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार बाशिंदों ने यहां पर नाला निर्माण व सफाई अभियान चलाने की मांग की, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन के सिवा लोगों को कुछ नहीं मिला।
बता दें कि शहर के मोहल्ला इंदिरानगर में रेलवे क्रासिंग के आसपास का इलाका आता है। पिछले कई सालों से यहां पालिका व रेलवे की बीच जगह को लेकर विवाद चल रहा है। जिसकी वजह से नाला निर्माण नहीं हो पा रहा है। इससे इस मोहल्ले की जलनिकासी व्यवस्था पूरी तरह धड़ाम है।
स्थिति यह है कि मोहल्ले में साल भर बारिश जैसे हालात बने रहते हैं। नाले का पानी खाली पड़े प्लाटों में भरता है। इससे मोहल्ले में गंदगी का आलम बना रहता है। स्थिति यह है कि सालों से प्लाटों में भरे गंदे पानी से बदबू उठने लगी है। कई बार बाशिंदों ने यहां नाला निर्माण की मांग की, लेकिन हर बार जगह का चिन्हीकरण न होने से नाला निर्माण का कार्य टल गया।
इससे बाशिंदों को अभी भी जलभराव की समस्या से जूझना पड़ रहा है। बाशिंदे जगमोहन, राम सिंह, दिनेश तिवारी, जगराम, अमित कुमार आदि का कहना है कि पिछले कई सालों से बाशिंदे जलभराव की समस्या से जूझ रहे है, लेकिन अभी तक किसी ने भी इस ओर ध्यान नहीं दिया। इससे मोहल्ले के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की गलियों में नालियों का गंदा पानी भर रहा है।
जिससे यहां रहने वाले लोगों को आने जाने में भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रीय नागरिक गयाप्रसाद लोधी का कहना है कि अगर अभी नाला निर्माण कार्य अभी शुरू नहीं हुआ तो बारिश के दिनों में यहां की स्थिति और खराब होगी। जिससे लोगों को परेशानी से जूझना पड़ेगा। मोहल्ले के शमशाद खान का कहना है कि मोहल्ले के लोगों की समस्या को देखते हुए पालिका जल्द से जल्द यहां नाले का निर्माण कराए। जिससे लोगों को जल भराव की समस्या से मुक्ति मिल सके।