कालपी। टरननगंज स्थित सेंट जेवियर पब्लिक स्कूल के वार्षिकोत्सव में बच्चों ने एक से बढ़कर रंगारंग प्रस्तुतियों से लोगों का मन मोह लिया।
उरई पालिकाध्यक्ष अनिल बहुगुणा ने दीप जलाकर वार्षिकोत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं, उन्हें अच्छी शिक्षा दें, ताकि वह आगे बढ़ सकें। इसके अलावा गरीब बच्चों को भी शिक्षा प्रदान करें। उन्होंने बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए रंगारंग कार्यक्रम की सराहना की। कालपी के पूर्व चेयरमैन कमर अहमद ने भी बच्चों की सराहना की। बच्चों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत आदि प्रस्तुत किया।
इसके बाद बच्चों ने गीत व कव्वाली, नाटक सहित अनेक रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान जमुनादास महाराज, आशुतोष मिश्रा, जगजीवन अहिरवार, अरविंद शुक्ला, नीतू गुप्ता, अनुपम पुरवार, फारूख अंसारी आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रधानाचार्य धर्मेंद्र सिंह ने किया और आभार विद्यालय के प्रबंधक ईशु चौरसिया ने जताया।