सीएचसी बेलखरनाथधाम में मेडिकल अफसर के पद पर तैनात डा. शुभम मौर्या का आईपीएस के लिए चयन हो गया है। सिविल सर्विसेज परीक्षा 2019 में उन्हें 576वीं रैंक मिली है। लगातार दो बार इंटरव्यू में असफलता मिलने के बाद भी डा. शुभम ने हौसला नहीं हारा और नौकरी के साथ पढ़ाई जारी रखी। आईपीएस में चयन होने के बाद भी वह संतुष्ट नहीं हैं। उनका कहना है कि आईएएस बनना उनका सपना है।
जिले के बेलखरनाथधाम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल अफसर के पद पर तैनात डा. शुभम मौर्या मूलत भदोही जिले के नवोदय रोड निकट, डायट जोरई ज्ञानपुर के रहने वाले हैं। कोरोना काल में ही मई माह में सीएचसी में उनकी तैनाती हुई। इससे पहले वह दिल्ली में रहकर कोचिंग कर रहे थे। नौकरी मिलने के बाद कोचिंग छोड़कर प्रतापगढ़ आ गए। आठ घंटे सीएचसी पर रहकर मरीजों का इलाज करने वाले डा. शुभम आठ घंटे प्रतिदिन पढ़ाई करते हैं। अगर ड्यूटी के दौरान काम नहीं होता है तो पढ़ने में बिजी हो जाते हैं।
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में जिले के टॉपर रहे डा. शुभम मौर्य ने लखनऊ स्थित किंग जार्ज मेडिकल कालेज से एमबीबीएस की पढ़ाई की। बकौल डा. शुभम इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद देश की सर्वोच्च प्रशासनिक परीक्षा पास कर देश की सेवा करने का लक्ष्य था। उनके माता-पिता का सपना था कि वह आईएएस बनें। दो बार इंटरव्यू से बाहर होने के बाद भी हिम्मत नहीं हारी और प्रयास जारी रखा। सिविल सर्विसेज की परीक्षा में 576वां स्थान मिलने से वह संतुष्ट नहीं हैं। डा. शुभम ने बताया कि आईएएस बनने तक प्रयास जारी रहेगा।